आतंकी संगठन आईएसआईएल ने पूर्वी सीरिया के दैरिज़्ज़ूर क्षेत्र के ग्यारह लोगों की हत्या कर दी है।
प्राप्त रिपोर्ट के अनुसार आईएसआईएल के आतंकियों ने हत्या और आतंक का बाज़ार गर्म रखते हुए दैरिज़्ज़ूर शहर के ग्यारह लोगों को रोज़ा न रखने के आरोप में मौत के घाट उतार दिया। रिपोर्ट के अनुसार आतंकी संगठन आईएसआईएल ने दैरिज़्ज़ूर में अपने भी अस्सी से अधिक लोगों को विश्वासघात और इस गुट के मुखिया अबू बक्र बग़दादी के विरुद्ध विद्रोह करने के जुर्म में मौत के घाट उतार दिया।
एक और रिपोर्ट के अनुसार आईएसआईएल के आतंकियों ने अपने नियंत्रण वाले क्षेत्रों में पंद्रह वर्ष से कम आयु के बच्चों को लालच देकर अपने गुट में भर्ती किया है। इनमें से अधिकतर बच्चे विभिन्न कार्यवाहियों और झड़पों के दौरान अपनी जान से हाथ धो चुके हैं। इसी मध्य सीरिया की सांस्कृतिक धरोहरों और संग्राहलयों के मामले के प्रमुख मामून अब्दुल करीम ने कहा है कि आईएसआईएल ने तदमुर में “शेर” की बहुत प्राचीन और प्रसिद्ध कलाकृतियों को तबाह कर दिया है।